ग्रामीणों के समक्ष तीन घंटा तक किया गया निरीक्षण, कार्यवाहक सरपंच पर है आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
तावड़ू। इंडरी खंड की ग्राम पंचायत रोजका मेव की कार्यवाहक सरपंच पर विकास कार्यों में गबन मामले में गठित टीम सोमवार को गांव में निरीक्षण करने पहुंची। जहां टीम ने ग्रामीणों की मौजूदगी में करीब तीन घंटे तक विकास कार्यों का निरीक्षण किया।
ग्रामीणों ने बताया कि खंड विकास एवं पंचायत विकास अधिकारी इंडरी के निर्देश पर गठित छह सदस्य टीम ने निर्माण कार्यों में प्रयुक्त सामग्री की खुदाई कर जांच की। इनमें ईंट, टाइल आदि को उखाड़ वीडियो ग्राफी व जियो टैगिंग के साथ फोटोग्राफी की। विकास कार्यों के संबंध में ग्रामीणों से भी पूछताछ की गई। करीब तीन घंटे तक टीम ने गांव में बारीकी से जांच की। टीम से मिली जानकारी के मुताबिक निरीक्षण की रिपोर्ट बनाकर विभागीय उच्च अधिकारियों को प्रेषित की जाएगी।
बीते साल दिसंबर माह में रोजका मेव ग्राम पंचायत की कार्यवाहक सरपंच पर विकास कार्यों में भारी भरकम पंचायती राशि का गबन और दुरुपयोग करने का एक मामला सामने आया था। दो पंचायत सदस्यों ने ही समाधान शिविर के दौरान जिला उपायुक्त को शिकायत देकर मामले में जांच की मांग की थी। इसमें मुख्य रूप से आरोप था कि विकास कार्यों में टाइल्स का प्रयोग गलत तरीके से हुआ है और गैर कानूनी तौर पर टीन शेड लगाई गई हैं। कार्यवाहक सरपंच ने अपने नजदीकियों के घरों में सोलर लाइट लगवाई हैं, जिन्हें महंगे दामों पर खरीदकर पंचायत राशि में गबन किया गया। निर्माण कार्यों में भी घटिया सामग्री का प्रयोग करने का आरोप था। हालांकि सरपंच ने इन आरोपों को निराधार बताया था।
शिकायतकर्ताओं ने मामले को एक याचिका के माध्यम से कोर्ट में चुनौती दी थी। जिस पर कोर्ट ने संज्ञान लेते हुए पंचायत विभाग के सचिव और नूंह जिला उपायुक्त को जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिला उपायुक्त के निर्देश पर इंडरी खंड विकास एवं पंचायत विकास अधिकारी ने कार्यवाहक सरपंच को बीते 14 जनवरी को रिकॉर्ड सहित पेश होने के आदेश दिए। फिर पंचायती विभाग के अधिकारियों की छह सदस्य टीम गठित की गई, जिसने सोमवार को गांव में पहुंचकर निरीक्षण किया। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि ग्रामीणों की मौजूदगी में बारीकी से निरीक्षण किया गया है। अब रिपोर्ट का इंतजार है।