गुरुग्राम डिपो में दो घंटों का विरोध प्रदर्शन करते रोडवेज कर्मचारी। फोटो- संवाद
गुरुग्राम डिपो परिसर में सांझा मोर्चा ने दो घंटों विरोध प्रदर्शन किया
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा ने बुधवार को गुरुग्राम डिपो परिसर में दो घंटों का विरोध प्रदर्शन किया। मंच का संचालन राज्य उपप्रधान संदीप दलाल ने किया। रोडवेज कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन के उपरांत डिपो सुपरिडेंट राजेश कुमार को परिवहन मंत्री अनिल विज के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से रोडवेज कर्मचारियों ने परिवहन मंत्री से उनकी मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की है। कर्मचारियों के विराेध प्रदर्शन के चलते कई रूटों पर रोडवेज बसें प्रभावित रहीं।
विराेध प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने हरियाणा परिवहन विभाग में चालक, परिचालक, हेल्पर, मैकेनिक के खाली पड़े हजारों पदों पर भर्ती करवाने की मांग की है। राज्य सांझा मोर्चा के आह्वान पर परिवहन मंत्री की वादा खिलाफी के विरोध रोडवेज कर्मचारी 5 व 6 सितंबर को चक्का जाम करेंगे।
विरोध प्रदर्शन में शामिल कर्मचारियों को संबोधित करते हुए मोर्चा के राज्य प्रधान पवन सहारन और राज्य उपप्रधान संदीप दलाल ने कहा कि परिवहन मंत्री रोडवेज कर्मचारियों से किए गए वायदे पर अमल नहीं कर रहे। 25 जुलाई को अंबाला स्थित परिवहन मंत्री के आवास के घेराव के दौरान उन्होंने कर्मचारियों के बीच पहुंचकर ज्ञापन लिया था और 15 दिन के भीतर कर्मचारियों की मांगों पर बैठक बुलाने का आश्वासन दिया था। लेकिन तय समय बीत जाने के बाद भी बैठक बुलाने संबंधी पत्र जारी नहीं किया गया है। इससे रोडवेज कर्मचारियों में भारी रोष है।