टोल बचाने के लिए अचानक ही तेजी से दौड़ा दी बस, घामडोज टोल के पास हुई वारदात
संवाद न्यूज एजेंसी
सोहना। सोहना-गुरुग्राम एलिवेटेड राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव घामडोज में बने टोल पर रोडवेज बस चालक ने टोलकर्मी का पैर कुचल डाला। आगे खड़ी कार के निकलते ही चालक ने बस को अचानक ही तेजी से दौड़ा दिया।
दिल दहला देने वाली यह घटना टोल पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। गंभीर रूप से घायल टोल कर्मचारी को इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल कराया गया है। भोंडसी थाना पुलिस ने आरोपी बस चालक के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया है। शनिवार की शाम को हरियाणा रोडवेज की एक बस गुरुग्राम से सोहना की ओर जा रही थी। उक्त बस गुरुग्राम डिपो की थी। एलिवेटेड राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने घामडोज टोल बैरियर पर पहुंचकर बस रुक गई। बस के आगे टोल गेट नंबर-3 पर एक कार खड़ी थी। इसका चालक टोल टैक्स कटवा रहा था। जैसे ही टोल टैक्स का भुगतान करके कार चालक निकला, वैसे ही उसके पीछे बस चालक ने अपनी बस को तेजी से दौड़ा दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक ने टोल टैक्स से बचने के लिए अचानक ही तेजी से बस दौड़ा दी। खुले बैरियर से निकलने के चक्कर में चालक ने बस को टोल के पास ही खड़े दो कर्मचारियों पर चढ़ा दिया। एक कर्मचारी को मामूली चोट आई है, जबकि बस का पहिया दूसरे कर्मचारी दिलीप के पैर के ऊपर से निकल गया। इस घटना में कर्मचारी दिलीप का दाहिना पैर बुरी तरह से कुचल गया।
खून से लथपथ अपने साथी की हालत देखते हुए कुछ कर्मचारियों ने बस को रुकवाने का प्रयास किया, लेकिन चालक अपनी बस को तेजी से भगा ले गया। घायल टोल कर्मी को अस्पताल में दाखिल कराया गया है। उसके दाहिने पैर की हड्डी पूरी तरह से कुचल गई। टोल अधिकारी मोहन सिंह ने बताया कि बस चालक ने सिर पर सफेद पट्टी बांधी हुई थी, जो नशा किए था, जिसकी शिकायत पुलिस को कर दी है। वहीं भोंडसी पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।