गुरुग्राम। गुरुग्राम से फरीदाबाद जा रही रोडवेज बस का ब्रेक फेल हो जाने पर मंगलवार की शाम पांच बजे सेक्टर 17 सी के गेट के पास लगे पोल से टकरा गई। बस के पोल से टकराते ही अफरातफरी मच गई। सेक्टर 18 व ट्रैफिक पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंच कर घायल चालक हरबीर निवासी सोनीपत व परिचालक बल्ली निवासी सोनीपत को पास के निजी अस्पताल में पहुंचाया।
ट्रैफिक पुलिस की टीम ने मौके पर लगे जाम को हटवाया। सेक्टर 18 थाना पुलिस को चालक हरबीर ने बयान दिया है कि एमडीआई चौक के फ्लाईओवर से उतरने के दौरान उसकी बस का ब्रेक फेल हो गया। जिसके बाद बस अनियंत्रित हो गई। उसने बचाने का बहुत प्रयास किया। पुलिस ने विभाग के अज्ञात के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया है।