-निचले इलाकों में हुआ जलभराव, घंटों जाम में फंसे रहे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। बारिश के कारण एक बार फिर शहर की सड़कें पानी में डूब गईं। दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन समेत कई सड़कों पर पानी भर गया, जिसमें वाहनों के फंस जाने के कारण लोगों को घंटों तक जाम से जूझना पड़ा। देर तक पानी भरा रहने के कारण शाम तक लोग परेशान रहे। ओल्ड दिल्ली रोड, माता रोड, सेक्टर 5, सेक्टर 4 व 9, बसई, राजेंद्र पार्क, शक्ति पार्क, समेत कई अन्य जगहों पर पानी भर गया।
शुक्रवार को हुई बारिश के बाद जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त न होने से शहर के कई इलाकों में जलभराव की भयावह स्थिति नजर आई। खासकर निचले इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया, जिससे लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई इलाकों में जलभराव के कारण यातायात प्रभावित हुआ और सड़कों पर जाम की स्थिति बन गई।
आज भी बारिश के आसार
उमस से जूझ रहे मिलेनियम सिटी के लोगों को शुक्रवार को बारिश होने से राहत मिली है। दोपहर बाद तेज बारिश के साथ ठंडी हवाओं ने शहर को सुहावना बना दिया। इससे लोगों ने गर्मी से राहत की सांस ली। अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री और न्यूनतम 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक शनिवार और रविवार को तेज बारिश के आसार हैं। विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया हुआ है। अगले दो से तीन दिनों तक 29 से 30 डिग्री तक तापमान रहने की संभावना जताई गई है। साथ ही बादल छाने और रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। शुक्रवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 91 दर्ज किया गया, जिससे शहर की हवा में काफी सुधार देखने को मिला है।