सड़क नेटवर्क को मजबूत करने और हरित क्षेत्र को विकसित किया जाएगा
नंबर गेम - 101 करोड़ से छह विकास कार्याें को सिरे चढ़ाया जाएगा
19.32 करोड़ रुपये सर्विस रोड पर होंगे खर्च
मनोज धर द्विवेदी
गुरुग्राम। न्यू गुरुग्राम और द्वारका एक्सप्रेसवे से जुड़े सेक्टरों में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने और हरित क्षेत्र को विकसित किया जाएगा। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने 101.04 करोड़ रुपये की छह विकास योजनाओं पर काम तेज कर दिया है। इन विकास कार्याें के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) अंतिम चरण में है।
जीएमडीए शहर के तेजी से विकसित हो रहे सेक्टरों की मास्टर सड़कों को चरणबद्ध तरीके से सुदृढ़ कर रहा है। द्वारका एक्सप्रेसवे से जुड़े नए सेक्टरों में आबादी बढ़ने और यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में मास्टर सड़कों को बेहतर करने की योजना तैयार की जा रही है। योजनाओं के पूरा होने से स्थानीय निवासियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
ग्रीनबेल्ट का विकास किया जाएगा
योजना के तहत सेक्टर-102 और 102ए को विभाजित करने वाली सड़क के साथ 1.80 किलोमीटर लंबी सर्विस रोड को बेहतर किया जाएगा, जिस पर करीब 19.32 करोड़ रुपये खर्च होंगे। वहीं, मास्टर रोड 99/102 पर 1.30 किलोमीटर लंबी सर्विस रोड के निर्माण के साथ ग्रीनबेल्ट का विकास किया जाएगा। इस कार्य पर 15.32 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसी तरह सेक्टर-106 और 109 को विभाजित करने वाली सड़क के साथ सर्विस रोड का निर्माण किया जाएगा। 1.85 किमी सड़क निर्माण करीब 20.63 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
रेनवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित किए जाएंगे
इसके अलावा सेक्टर-110ए और 111 के बीच 1.4 किलोमीटर लंबी सड़क पर मुख्य कैरिजवे, सर्विस रोड और ग्रीनबेल्ट विकसित किए जाएंगे, जिस पर करीब 25.63 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसी प्रकार मास्टर रोड 99/102 के 1.30 किलोमीटर हिस्से का उन्नयन भी शामिल है। इस कार्य पर 12.60 करोड़ रुपये खर्च होंगे। वहीं सेक्टर-103 और 106 को विभाजित करने वाली 1.80 किलोमीटर लंबी सड़क के किनारे ग्रीनबेल्ट विकसित की जाएगी। यहां हरित क्षेत्र, फेंसिंग और रेनवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित किए जाएंगे। इस पर करीब 7.51 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इन सभी योजनाओं के पूरा होने के बाद सेक्टरों में सड़क नेटवर्क अधिक व्यवस्थित होगा।
न्यू गुरुग्राम में प्रस्तावित इन विकास कार्यों की डीपीआर तैयार हो चुकी है। सीईओ से मंजूरी मिलने के बाद इन परियोजनाओं पर जल्द काम शुरू किया जाएगा। इनके तहत मास्टर रोड और सर्विस रोड का निर्माण, सड़कों का उन्नयन व ग्रीनबेल्ट का विकास किया जाएगा। इन परियोजनाओं के पूरा होने से यातायात व्यवस्था सुगम होगी और क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी। -हेमंत यादव, मुख्य अभियंता, जीएमडीए