तीन करोड़ रुपये की लागत आएगी, सुधार की तैयारी पूरी
संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। आईएमटी मानेसर के सेक्टर-1 में लंबे समय से खराब पड़ी सड़कों से लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) ने सड़कों के सुधार की तैयारी पूरी कर ली है। परियोजना का एस्टीमेट तैयार कर मुख्यालय की मंजूरी के लिए भेज दिया गया है। स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
एचएसआईआईडीसी अधिकारियों के अनुसार, करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से सेक्टर-1 की लगभग चार किलोमीटर लंबी सड़कों की मरम्मत और सुधार किया जाएगा। मंजूरी मिलने के बाद ठेकेदार की नियुक्ति कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
सेक्टर-1 की सड़कें पिछले कई महीनों से खराब हालत में हैं। जगह-जगह गड्ढे होने के कारण वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ता है। बारिश के दौरान स्थिति और भी खराब हो जाती है। सड़कों पर पानी भर जाने से गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। कई बार वाहन भी खराब हो जाते हैं। जर्जर सड़कों के कारण लोगों को धूल से भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों और उद्योगों से जुड़े प्रतिनिधियों ने कई बार एचएसआईआईडीसी के अधिकारियों के सामने सड़क मरम्मत की मांग उठाई थी। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद अब निगम ने सड़क सुधार की योजना तैयार कर ली है।
अधिकारियों का कहना है कि परियोजना को मंजूरी मिलते ही बिना देरी के टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। सड़कें बनने के बाद न केवल स्थानीय लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी, बल्कि आईएमटी मानेसर आने-जाने वाले उद्योगों, कर्मचारियों और भारी वाहनों को भी राहत मिलेगी।
आईएमटी मानेसर के सेक्टर-1 की सड़कों के सुधार के लिए करीब तीन करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिससे लोगों को जल्द बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराई जाए और बरसात के दौरान होने वाली समस्याओं से राहत मिले। इसको लेकर जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
- राजीव गोयल, एजीएम, एचएसआईआईडीसी