बादशाहपुर। इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर बनाने और नागरिकों की यात्रा को सुगम करने के उद्देश्य से प्राधिकरण ने सेक्टर-61 और विज्ञान विहार क्षेत्र में सड़क मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया है। वर्तमान में दोनों क्षेत्रों में सड़कों के सुदृढ़ीकरण का काम चल रहा है।
मरम्मत कार्य के लिए आवश्यक निर्माण सामग्री मिट्टी और डस्ट आदि को सड़कों पर पहले ही बिछा दिया गया है। निर्माण कार्य के कारण स्थानीय निवासियों और राहगीरों को किसी तरह की लंबे समय तक परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित ठेकेदार को काम में तेजी लाने के सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि गुणवत्ता से समझौता किए बिना इस परियोजना को तय समय सीमा के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। इसके अलावा, सड़क खुदाई और मरम्मत की प्रक्रिया के दौरान निकली अतिरिक्त मिट्टी और मलबे को लेकर भी प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। एजेंसी को स्पष्ट आदेश दिए गए हैं कि कार्यस्थल पर जमा मिट्टी और कचरे को जल्द से जल्द हटाकर क्षेत्र में पूरी तरह साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। संवाद