संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। द्वारका सेक्टर-13 स्थित पॉकेट-1 की कान्हा रेजिडेंसी सोसाइटी के लोगों ने सड़क निर्माण में हो रही देरी को लेकर नाराजगी जताई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, सोसाइटी को बने 12 साल से अधिक समय हो गया है, लेकिन आज तक यहां की सड़कें नहीं बनीं। इससे रोजाना आने-जाने में परेशानी होती है।
कान्हा रेजिडेंसी आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों ने बताया कि साल 2014 में डीडीए ने सोसाइटी आवंटित की थी। इसके बाद से ही सड़क निर्माण की मांग की जा रही है। करीब एक साल पहले सोसाइटी की सड़क का जिम्मा डीडीए से एमसीडी को सौंपा गया था। लोगों को उम्मीद थी कि अब सड़क निर्माण जल्द शुरू होगा, लेकिन अब तक कोई काम शुरू नहीं किया गया है।
आरडब्ल्यूए के प्रतिनिधि पूरन खन्ना ने बताया कि कई बार अधिकारियों से संपर्क किया, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। सोसाइटी निवासी राजेश बताया कि हम कई वर्षों से सड़क निर्माण का इंतजार कर रहे हैं। वहीं, सुशीला ने बताया कि जब जिम्मेदारी एमसीडी को सौंप दी गई तो फिर काम शुरू क्यों नहीं हो रहा, इसका जवाब अधिकारियों को देना चाहिए।