गुरुग्राम। बारिश के बाद शहर में कई जगहों पर सड़क और मिट्टी धंसने की घटनाएं सामने आई हैं। पहली घटना सेक्टर-22 मेन रोड पर देवी लाल पार्क के सामने की है, जहां बना नाला धंस गया है। यह घटना पहले भी हो चुकी है। लोगों ने बताया कि हर दिन बड़ी संख्या में लोग टहलने और मनोरंजन के लिए पार्क में आते हैं। ऐसे में नाले के ढहने और धंसने के कारण किसी के इसमें गिरने और कोई बड़ा हादसा होने का गंभीर खतरा बना हुआ है।
दूसरी घटना मोड़ चौक के पास की है, जहां सड़क भी धंस गई है। दोनों जगहों पर सुरक्षा को लेकर कोई सांकेतिक सूचना नहीं लगाई गई है। लोगों ने बताया है कि सड़क और नाले के धंसने के बाद यहां हादसे का खतरा बना हुआ है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इन मामलों पर ध्यान दिया जाए और नाले व सड़क की जल्द मरम्मत की जाए। संवाद