संवाद न्यूज एजेंसी नूंह। जिले में उजीना व रायपुरी गांव के बीच सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो जाने से परिवार में मातम छा गया। मृतक की पहचान दानिश पुत्र नेक मोहम्मद निवासी गांव अड़बर के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 21 वर्ष बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार दानिश बुधवार को अपने मामा के घर गांव नीमका गया हुआ था। रात करीब 10 बजे वह बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान उजीना और रायपुरी गांव के बीच सड़क पर बने ब्रेकर के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
उधर, परिजनों को घटना की जानकारी उस समय मिली जब उन्होंने सोशल मीडिया पर युवक के शव की फोटो देखी। इसके बाद परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे और शव की पहचान दानिश के रूप में की। थाना प्रभारी प्रवीण का कहना है कि अज्ञात शव के बारे में जानकारी मिली थी जिसकी शिनाख्त ना होने के कारण उसे मोर्चेरी में रखवाया गया था। शिनाख्त के लिए फोटो सोशल मीडिया पर साझा किया गया था, जिसके बाद मृतक की पहचान दानिश पुत्र नेक मोहम्मद निवासी अड़बर के रूप में हुई है।