पुलिस बल की मौजूदगी में नगर निगम की टीम ने की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। नगर निगम मानेसर ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना अनुमति चल रहे पांच रेडी मिक्स कंक्रीट (आरएमसी) प्लांटों को तोड़ दिया। यह कार्रवाई नगर निगम के डीटीपी राजेंद्र शर्मा के नेतृत्व में और ड्यूटी मजिस्ट्रेट एसडीओ शशिकांत की मौजूदगी में की गई।
नगर निगम की टीम ने गढ़ी-बसई रोड पर स्थित श्री बालाजी आरएमसी, इंफ्रा मार्केट कंक्रीट, एटूवी आरएमसी, श्रीराम आरएमसी और शिवम रेडीमिक्स पर कार्रवाई की। अधिकारियों के अनुसार, ये सभी प्लांट बिना जरूरी अनुमति के चल रहे थे।
कार्रवाई के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए मौके पर पुलिस बल भी मौजूद रहा। नगर निगम और पुलिस की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्वक पूरी की गई। डीटीपी राजेंद्र शर्मा ने बताया कि कार्रवाई से पहले सभी प्लांटों के दस्तावेजों की जांच की गई थी। जांच में पता चला कि इनके पास जरूरी अनुमति नहीं थी। इसके बाद नियमों के अनुसार इन्हें हटाया गया।
उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में बिना अनुमति कोई भी फैक्टरी, प्लांट या व्यावसायिक गतिविधि नहीं चलने दी जाएगी। आगे भी ऐसे अवैध निर्माण और बिना अनुमति चल रहीं इकाइयों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। नगर निगम ने लोगों से अपील की है कि किसी भी निर्माण या कारोबार की शुरुआत करने से पहले संबंधित विभाग से जरूरी अनुमति जरूर लें।