15 दिन से नारकीय जीवन जी रहे हरिजन कॉलोनी के लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। दौलताबाद गांव की हरिजन कॉलोनी के मुख्य मार्ग पर पिछले 15 दिन से सीवर का गंदा पानी भरा हुआ है, जिससे स्थानीय निवासियों का जीना दूभर हो गया है। यह समस्या ठीक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) के पास बनी हुई है, जहां रविवार को खुद स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव सफाई व्यवस्था और स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लेने पहुंची थीं। एक तरफ जहां सरकार बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का दावा कर रही है, वहीं पीएचसी के ठीक बगल में ओवरफ्लो हो रहे सीवर के कारण करीब 20 परिवारों पर गंभीर बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। स्थानीय लोगों को रोजाना इसी बदबूदार और गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से इस नारकीय स्थिति से जल्द निजात दिलाने और सीवर लाइन को दुरुस्त करने की पुरजोर मांग की है।
-
लोग बोले - जल्द मिले समस्या से राहत
यह समस्या करीब तीन वर्षों से बनी हुई है, लेकिन पिछले 15 दिन से समस्या ज्यादा बढ़ गई है। इससे सबसे ज्यादा परेशानी आने-जाने में हो रही है। - स्लोपरामचंद, निवासी
स्कूली बच्चों, राहगीरों, कामकाजी लोगों व दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। साथ ही बदबू के कारण रहना मुश्किल हो रहा है। - मूर्ति, निवासी
करीब 15 दिन से समस्या बनी हुई है, लेकिन पानी की निकासी नहीं हुई है। विभाग को जल्द सफाई करवाकर समस्या दूर करनी चाहिए। - सुनीता, निवासी
गंदे पानी से निकलने में संक्रमण का डर बना रहता है। वहीं, बदबू और गंदगी के कारण घरों में भी रहना मुश्किल हो गया है, इस समस्या पर ध्यान देना चाहिए।- विमला, निवासी
दौलताबाद के पीएससी के पास गली में भर पानी। संवाद
दौलताबाद के पीएससी के पास गली में भर पानी। संवाद
दौलताबाद के पीएससी के पास गली में भर पानी। संवाद
दौलताबाद के पीएससी के पास गली में भर पानी। संवाद