गर्मी की दस्तक से जिलेवासी परेशान, 206 एक्यूआई दर्ज, स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। जिले में तापमान बढ़ने और हवा का स्तर गिरने से लोगों पर दोहरी मार पड़ रही है। सोमवार को शहर में लू जैसे हालत बन गए। सुबह से शाम तक तेज धूप व गर्म हवा ने लोगों को परेशान किया। मौसम विभाग ने धूप को देखते हुए हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया है। अधिकतम तापमान 39.9 और न्यूनतम 22.1 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, अगले तीन-चार दिनों तक मौसम इसी प्रकार बने रहने का अनुमान जताया जा रहा है।
सुबह से ही मौसम में तपिश बढ़ने लगी है। आगामी दिनों में पारा 42 डिग्री पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। वहीं, पिछले दो दिन से एक्यूआई बढ़ने से हवा भी खराब हो गई है। सोमवार को गुरुग्राम का एक्यूआई 206 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है।
-
हीटवेव से बचाव के लिए जारी की एडवाइजरी
गुरुग्राम। शहर में बढ़ते तापमान और संभावित हीटवेव को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने आमजन के लिए विस्तृत हेल्थ एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने लोगों को गर्मी से बचाव के लिए सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां अपनाने की अपील की है। एडवाइजरी के अनुसार, तेज धूप और लू के संपर्क में आने से शरीर पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है, जिससे हीट स्ट्रोक जैसी खतरनाक स्थिति भी उत्पन्न हो सकती है। हीट स्ट्रोक को मेडिकल इमरजेंसी बताते हुए विभाग ने आपात स्थिति में तुरंत 108/102 पर संपर्क करने की सलाह दी है। संवाद
हीटवेव के लक्षण
- अधिक गर्मी से हीट स्ट्रेस और बीमारियों का खतरा
- हीट रैश, क्रैम्प्स, बेहोशी, हीट स्ट्रोक जैसी समस्याएं
- दिल, सांस और किडनी रोग बढ़ सकते हैं
- 104° एफ से अधिक बुखार
- लक्षण : चक्कर, उल्टी, सिरदर्द, प्यास, तेज धड़कन
- सामान्य अधिक पीला गहरा यूरिनल
-
गर्मी के साथ हीटस्ट्रोक (लू लगना) का खतरा बढ़ जाता है, इन लक्षणों को नजरअंदाज न करें। हीटवेव के लक्षण दिखाई देने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर दिखाएं, खुद से इलाज न करें। -
डाॅ. लोकवीर, सीएमओ, स्वास्थ्य विभाग