पुरानी पेयजल लाइनें बढ़ रहीं समस्या, बिजली की आवाजाही भी जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। बसई प्लांट से जुड़े डीएलएफ क्षेत्र और पुराने शहरों के गांवों डूंडाहेड़ा, मूलाहेड़ा, उद्योग विहार आदि इलाकों में पानी की समस्या बनी हुई है। इनमें पानी की समस्या से निपटने के लिए कुछ साल पहले गुड़गांव वाटर चैनल के नवीकरण की योजना सिंचाई विभाग ने बनाई थी लेकिन वह योजना तक ही सीमित रह गई। बसई वाटर ट्रीटमेंट प्लांट पुराने नहर गुड़गांव वाटर चैनल से जुड़ा हुआ है।
बसई ट्रीटमेंट प्लांट से गुरुग्राम दिल्ली बॉर्डर के सेक्टर और डीएलएफ के इलाके जुड़े हुए हैं। इस प्लांट में बिजली की आवाजाही के कारण पानी का संकट बन जाता है। इस प्लांट से 200 एमएलडी (मिलियन लीटर पर डे) पानी की आपूर्ति का दावा जीएमडीए का है, जो बढ़ती आबादी के लिए फेल साबित हो रहा है। दूसरी ओर कई इलाकों में मोटरों में गड़बड़ी, पेयजल लाइनों के पुराने और जरूरत के अनुरूप नहीं होने के कारण भी पानी की किल्लत हो रही है।
2024 में फेज-2 को रोज लगभग 4000 केएलडी पानी मिलता था। 2025 में यह बढ़कर औसत 5300 केएलडी रोज हो गया था, जो अब घटकर 4700 केएलडी रोज रह गया है। -नवीन कुमार, डीएलएफ फेज - 2
सेक्टर-28 में मकान संख्या 100 से 155 के बीच पिछले 6-7 दिन से पानी नहीं आ रहा है। लोग परेशान हैं, टैंकरों के भरोसे पानी का काम चल रहा है। काफी परेशानी हो रही है। -विनोद कपूर, डीएलएफ फेज -4
रोजाना 3 से 4 घंटे बिजली गुल रहती है। गर्मी बढ़ते ही बिजली संकट शुरू हो गया है। बिजली नहीं होने के कारण लोगों को पूरा पानी नहीं मिल पा रहा है। -पवन यादव, अध्यक्ष, आरडब्ल्यूए सुशांत लोक टू थ्री
बिजली और पानी की समस्या बनी हुई है। पानी का दबाव काफी कम रहता है। नगर निगम ने बढ़ती आबादी के अनुरूप पेयजल की लाइनें नहीं बिछाई हैं। -विजय शिवनाथ, अध्यक्ष, आरडब्ल्यूए मालिबू टाउन आरडब्ल्यूए फेडरेशन, सेक्टर-47
सुशांतलोक वन में सी ब्लॉक में दो बूस्टर पंप पर नई मोटरें लगी थी लेकिन उनका सिस्टम अभी चालू नहीं हो पाया है। पिछले साल की तरह जल संकट से जूझ रहे हैं। -दीपक वर्मा, अध्यक्ष, आरडब्ल्यूए सुशांतलोक वन
सेक्टर में बेहतर जलापूर्ति के लिए नई पाइपलाइनें डाली गई हैं लेकिन उन्हें बूस्टिंग स्टेशन से नहीं जोड़े जाने के कारण जल संकट हो रहा है। आबादी के अनुसार इंफ्रास्ट्रक्चर नहीं बदला गया है। -रोशन लाल यादव, अध्यक्ष, आरडब्ल्यूए, सेक्टर-57