क्रिकेट के प्रति जुनून और मेहनत के दम पर 14 वर्षीय सोहेल राणा अपनी प्रतिभा निखार रहे हैं। शिक्षा भारती स्कूल में सातवीं कक्षा के विद्यार्थी सोहेल माधव क्रिकेट अकादमी में नियमित अभ्यास करते हैं। वह दाएं हाथ के बल्लेबाज होने के साथ ऑफ स्पिन गेंदबाजी भी करते हैं। ऑलराउंडर के रूप में उनकी बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में रुचि है। उनकी मां रहाना भी उन्हें खेल के प्रति प्रोत्साहित करती हैं और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं। अकादमी के कोच सौरभ शुक्ला का कहना है कि सोहेल में क्रिकेट को लेकर अच्छा उत्साह है। वह अभ्यास के दौरान पूरी मेहनत करते हैं और खेल की बारीकियां सीखने में रुचि दिखाते हैं। बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए वह लगातार प्रयास कर रहे हैं। नियमित अभ्यास और अनुशासन के साथ सोहेल अपने खेल को निखारने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।