जिले के 15 वर्षीय दाएं हाथ के बल्लेबाज सौरभ राठौर क्रिकेट में अपना भविष्य संवारने के लिए लगातार मेहनत कर रहे हैं। उनका सपना आईपीएल और भारतीय टीम के लिए खेलना है। पटना जिले के रहने वाले सौरभ ने जिला स्तर की प्रतियोगिताओं में शानदार बल्लेबाजी से अपनी पहचान बनाई है। ऑल इंडिया पेप्सी कप में भी उन्होंने प्रभावशाली प्रदर्शन कर क्रिकेट प्रेमियों का ध्यान आकर्षित किया। सौरभ पिछले पांच वर्षों से माधव क्रिकेट अकादमी में नियमित अभ्यास कर रहे हैं। उनकी तकनीक और खेल में लगातार निखार आ रहा है। अकादमी में वह फिटनेस और बल्लेबाजी दोनों पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। प्रशिक्षक सौरभ शुक्ला का कहना है कि सौरभ राठौर प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं और यदि वह इसी तरह मेहनत करते रहे तो आने वाले समय में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि सौरभ भविष्य में रणजी ट्रॉफी और इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) जैसी बड़ी प्रतियोगिताओं में खेलते हुए नजर आएंगे। सौरभ का कहना है कि वह अपने खेल में लगातार सुधार करना चाहते हैं और देश के लिए खेलने का सपना पूरा करने के लिए पूरी मेहनत कर रहे हैं।