गुरुग्राम। शिवाजी नगर थाना क्षेत्र में महिला की हत्या का आरोपी एवं अदालत से भगोड़ा घोषित पांच हजार के इनामी बदमाश को अपराध शाखा डीएलएफ फेज-4 ने दो साथियों के साथ बुधवार रात को लेजरवैली पार्क के पास से गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान गांधी नगर गुरुग्राम निवासी दिनेश, शक्तिपार्क निवासी इकबाल उर्फ लल्ला, रायबरेली उत्तर प्रदेश के गांव करोलीदमा निवासी अंकित उर्फ कालिया के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो देसी पिस्तौल व तीन कारतूस बरामद किए हैं।
सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध-1) प्रीतपाल ने पत्रकारवार्ता कर बताया कि तीनों आरोपी मृतक महिला रुक्मणी के भाई श्रवण की हत्या करने की फिराक में घूम रहे थे। हत्या के एक मामले में श्रवण मुख्य गवाह है। 10 जनवरी 2020 को यह तीनों श्रवण की हत्या करने के लिए उसके घर अमर कॉलोनी गए थे। श्रवण के न मिलने पर उन्होंने रुक्मणी को डंडों व लोहे की रॉड से पीटा था जिसमें वह बेहोश हो गई थी। बाद में रुक्मणी ने दम तोड़ दिया था। इस घटना के बाद से तीनों फरार चल रहे थे।
इस मामले में आठ लोग नामजद थे। चार आरोपी पहले गिरफ्तार हो चुके हैं। दिनेश की गिरफ्तारी न होने पर पुलिस महानिदेशक ने उस पर पांच हजार का इनाम घोषित किया था। एसीपी ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी दिनेश पर हत्या, लूट, चोरी, मारपीट समेत 24 मामले दर्ज हैं। दिनेश व अंकित उर्फ कालिया कई बार चोरी के मामले में जेल जा चुके हैं और जमानत पर बाहर हैं। बृहस्पतिवार को पुलिस ने आरोपियों को तीन दिन की रिमांड पर लिया है।