गुरुग्राम। हरियाणा के जनगणना निदेशक डॉ. ललित जैन ने बृहस्पतिवार को गुरुग्राम में चल रही जनगणना तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर फील्ड स्तर पर किए जा रहे कामों की प्रगति देखी। डॉ. जैन ने कहा कि गुरुग्राम एक बड़ी मेट्रो सिटी है, इसलिए यहां जनगणना के काम को व्यापक स्तर पर संचालित करना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि जनगणना के प्रथम चरण के तहत हाउस लिस्टिंग की जा रही है, जिसमें प्रत्येक घर से आवासीय स्थिति और मूलभूत सुविधाओं से संबंधित जानकारी एकत्रित की जा रही है। सीटीएम ज्योति नागपाल ने बताया कि जिले में जनगणना के लिए पर्याप्त संख्या में इन्यूमरेटर और सुपरवाइजर लगाए गए हैं तथा जिला प्रशासन की ओर से इस कार्य की लगातार निगरानी की जा रही है। संवाद