अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। साइबर क्राइम थाना वेस्ट क्षेत्र में फेसबुक की डीपी पर दोस्त की फोटो लगाकर जालसाज ने सेवानिवृत्त कर्नल से 25 हजार रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी।
पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-23 में रहने वाले सेवानिवृत्त कर्नल श्याम सिंह दहिया ने कहा कि बीती छह अप्रैल को प्रमोद ग्रोवर की फेसबुक आईडी के जरिए बातचीत हुई। बातचीत के दौरान प्रमोद ने कर्नल श्याम सिंह से 25 हजार रुपये मांगे। इस आईडी की डीपी पर कर्नल श्याम सिंह के दोस्त प्रमोद का फोटो लगा था। जिसके चलते उन्होंने दिए गए अकाउंट में रुपये ट्रांसफर कर दिए। रुपये भेजने के बाद उन्होंने प्रमोद को कॉल किया तो उन्हें पता चला कि जालसाज ने उनके साथ ठगी की है। पुलिस मामले में छानबीन कर रही है।