संवाद न्यूज एजेंसी
पटौदी। खंड के गांव खलीलपुर निवासी सेवानिवृत कैप्टन हुकम सिंह यादव (77) का निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों और पूर्व सैनिकों ने उनके अंतिम संस्कार में पहुंचकर नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। इस दौरान कैप्टन हुकम सिंह यादव अमर रहें और भारत माता की जय के गगनभेदी नारे लगाए गए।
इस मौके पर टेसवा के जिला अध्यक्ष राजेन्द्र यादव एवं हरियाणा पूर्व सैनिक संघ गुरुग्राम-मेवात के पूर्व अध्यक्ष कैप्टन कंवर सिंह यादव ने बताया कि कैप्टन हुकम सिंह यादव भारतीय सेना से वर्ष 2000 में सेवानिवृत हुए थे। वे अत्यंत देशभक्त और अनुशासित सैनिक थे। उनके निधन से पूर्व सैनिक समाज ने अपना एक बहादुर साथी खो दिया है, जिसकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी।
अंतिम संस्कार के दौरान कैप्टन हुकम सिंह यादव को राष्ट्रीय ध्वज में लपेटकर स्वर्ग आश्रम तक ले जाया गया। जहां उन्हें सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। इस अवसर पर सूबेदार ईश्वर सिंह, हवलदार रामपाल, देशराज, प्रवीण, नरेन्द्र, नरेश कुमार, मनराज सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक और ग्रामीण मौजूद रहे।