नगर निगम और जीएमडीए के अलावा जिला प्रशासन भी पानी निकासी के इंतजामों में जुटा रहा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। शनिवार की सुबह शुरू हुई बारिश दिन भर रुक रुक कर जारी रही। इससे तापमान गिरा और गर्मी से राहत मिली लेकिन बारिश के चलते शहर में जगह-जगह जलभराव हो गया। नगर निगम और गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (जीएमडीए) के अलावा जिला प्रशासन भी पानी निकासी के इंतजामों में जुटा रहा। प्रशासन ने जलभराव वाले स्थानों पर 24 घंटे पंप चलाने के निर्देश दिए हैं। अगर बारिश के कारण पानी का स्तर बढ़ता है तो कुछ अंडरपास को एहतियातन बंद भी किया जा सकता है।
जिले के कृषि विज्ञान केंद्र के कृषि मौसम विशेषज्ञ डॉ. मंजीत सिंह का कहना है कि शनिवार के साथ-साथ रविवार को भी गुरुग्राम और आसपास के जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना व्यक्त की जा रही है। आसमान में पूरी तरह बादल छाए रहेंगे।
शनिवार को हुई बारिश के चलते नरसिंह पुर के साथ-साथ हीरो होंडा चौक, सुभाष चौक, राजीव चौक, एंबियंस मॉल के पास, व्यापार केंद्र रोड, सेक्टर-15, सेक्टर-43 क्रीक, शीतला माता रोड, बसई रोड सहित मानेसर में भी जलभराव की समस्या रही। पुराने गुरुग्राम के सेक्टर-10, न्यू कॉलोनी, सेक्टर-4, सेक्टर-7, सेक्टर-9, रेलवे रोड भी जबरदस्त जलभराव की चपेट में रहा। बसई चौक पर दोपहिया वाहन चालक बुरी तरह पानी में फंसे नजर आए।
शहर में जलभराव की हालत के लिए तंज कसा
कुछ लोगों ने बारिश के दौरान शहर में हुए जलभराव के लिए प्रशासन को जिम्मेदार ठहराते हुए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दी। इसमें कहा गया कि बारिश के दौरान शहर में पांच घूमने फिरने वाले स्थान। इसके बाद वीडियो में वह स्थान जलमग्न दिखाए जाते हैं और उन्हें मजाक में पर्यटक स्थल कह कर संबोधित किया जाता है। सोहना रोड पर एलिवेटेड रोड से गिर रहे पानी को वह सोहना वाटर फाॅल कहते हैं। उद्योग विहार में हुए जलभराव को उद्योग विहार लेक, अंसल प्लाजा के पास डूबी हुई कार के साथ नजारे को अंसल प्लाजा ओशिन, डीएलएफ के पास पानी में नाव चलाते हुए लोगों को दिखाते हुए उसे डीएलएफ राफ्टिंग प्वाइंट, सेक्टर-29 के स्थान को स्कूबा डाइविंग बताया गया है। इस पर लोग तरह-तरह की टिप्पणी कर रहे हैं।