गुरुग्राम। सेक्टर-102 स्थित गुड़गांव ग्रींस सोसाइटी के निवासियों ने बिल्डर एम्मार इंडिया के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। पूर्व आरडब्ल्यूए अध्यक्ष संदीप फोगाट के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन की वजह सोसाइटी की खराब संरचना बताई गई।
इस साल 22 अप्रैल को सोसाइटी के क्लब हाउस के जिम की छत गिर गई थी। संयोग से वहां कोई व्यक्ति नहीं था, नहीं तो कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। निवासियों का कहना है कि सोसाइटी का निर्माण एमार इंडिया लिमिटेड ने किया था और 2019 में पजेशन मिलना शुरू हुआ था। शुरुआत से ही खराब निर्माण गुणवत्ता और संरचनात्मक दोषों के बारे में बार-बार चिंताएं जताई गई हैं। गुरुग्राम के टाउन एंड कंट्री प्लानिंग डिपार्टमेंट को कई लिखित शिकायतें करने के बावजूद छत गिरने से पहले कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। निवासियों के अनुसार, घटना का मुख्य कारण क्लब हाउस की छत पर लगातार पानी जमा होना है, जिससे समय के साथ संरचना बहुत कमजोर हो गई है। क्लब हाउस के अंदर स्विमिंग पूल की संरचना भी जर्जर और असुरक्षित स्थिति में है। सोसाइटी के कई हिस्सों में बालकनियों से अक्सर मलबा गिरता रहता है, जिससे निवासियों को लगातार खतरा बना रहता है। संवाद