पानी की समस्या से जूझ रहे सेक्टर-चार और सात के लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। शहर के विभिन्न आवासीय क्षेत्रों में पेयजल की किल्लत दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। उच्चाधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद समस्याओं का समाधान होता दिखाई नहीं दे रहा है। शहर के सबसे पुराने सेक्टर चार और सात एक्सटेंशन के लोगों को जल संकट का सामना करना पड़ रहा है।
सेक्टर-7 एक्सटेंशन के निवासी व हरियाणा कला परिषद के पूर्व निदेशक प्रो. संजय भसीन का कहना है कि पिछले एक सप्ताह से पेयजल की किल्लत का सामना क्षेत्रवासियों को करना पड़ रहा है। लोगों को पानी के टैंकर खरीदने पड़ रहे हैं। उच्चाधिकारियों और क्षेत्र के निगम पार्षद से भी काॅलोनीवासियों ने शिकायत की है। मोटर खराब होने की समस्या बताई जा रही है। क्षेत्रवासियों में रोष व्याप्त होता जा रहा है। त्योहार का सीजन चल रहा है। ऐसे में पानी की किल्लत का सामना क्षेत्रवासियों को करना पड़ रहा है। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से आग्रह किया है कि पेयजल की आपूर्ति को सुचारु बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाएं। सेक्टर चार की निवासी कविता ने बताया कि पानी कम आने से परेशानी है। बमुश्किल 10 से 15 मिनट पानी चल रहा है।
पीसफुल होम सोसाइटी में पानी की किल्लत
सेक्टर-70 ए स्थित द पीसफुल होम सोसाइटी में पानी की आपूर्ति कम होने के कारण लोग परेशान हैं। सोसाइटी में पानी की कमी को पूरा करने के लिए टैंकर मंगाए जा रहे हैं। सोसाइटी के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष कमल पोपली ने बताया कि यह आज की समस्या नहीं है। उनकी सोसाइटी में पिछले चार महीनों से काफी कम पानी आ रहा है। अधिकारियों से गुहार लगाकर थक चुके हैं। सोसाइटी में 629 फ्लैट हैं।