आरटीए की समय सारिणी के अनुसार संचालित होंगी रोडवेज, सिटी व निजी बसें
नंबर गेम - 88 ट्रिप हुईं तय
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। पटौदी रूट पर अब यात्रियों को हर 10 मिनट में रोडवेज, सिटी और निजी ऑपरेटरों की बसें मिलेंगी। समय सारिणी के अनुसार, तय 88 ट्रिप समय पर रवाना होने से यात्रियों को लंबे समय तक बसों का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण (आरटीए) कार्यालय ने गुरुग्राम-पटौदी रूट पर बसों के संचालन की अस्थायी समय सारिणी जारी की है। नई समय सारणी के अनुसार, गुरुग्राम-पटौदी रूट पर यात्रियों को सुबह 5.40 बजे से रात 8.10 बजे तक हर 10 मिनट के अंतराल पर बसों की सुविधा मिलेगी। समय सारिणी को इस तरह से बनाया गया है, जिसमें रोडवेज बस के बाद निजी ऑपरेटर की बस को समय दिया गया है।
आरटीए कार्यालय की ओर से सभी सहकारी समितियों व निजी बस संचालकों को परिवहन आयुक्त के निर्देशों के तहत निर्धारित समय पर ही बसें चलाने की बात कही गई है। जीएमसीबीएल द्वारा पटौदी रूट पर सिटी बसों के संचालन की मांग को देखते हुए गुरुग्राम डिपो के महाप्रबंधक कार्यालय और निजी बस ऑपरेटरों की सहमति से समय सारिणी तैयार की गई है। नई समय सारिणी के तहत गुरुग्राम और पटौदी दोनों छोर से दिनभर में 88-88 ट्रिप (फेरे) निर्धारित किए गए हैं।
ग्रामीण रूटों व लंबे रूटों की बसें भी शामिल
नई समय सारिणी में स्पष्ट किया गया है कि गुरुग्राम-पटौदी काउंटर से संचालित होने वाले हरियाणा रोडवेज के कुल 22 परमिटों को समायोजित किया गया है। इसमें गुरुग्राम से पटौदी (चार परमिट), कोसली वाया पटौदी (छह परमिट), नारनौल वाया रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, रहनवा, बलेवा, नूरगढ़, जोनियावास, घोषगढ़, अलमर्दी, लोकरी, तेलपुरी, माछरोली और इंच्छापुरी जाने वाली बसें भी तय समय सारणी के अनुसार चलेंगी।
रोडवेज, सिटी व निजी बसों के लिए कुल 88 ट्रिप की समय सारिणी तैयार की गई है, जिसके अनुसार तीन तरह की बसें संचालित की जाएंगी। यदि हरियाणा रोडवेज या किसी निजी ऑपरेटर की ओर से कोई उचित आपत्ति दर्ज कराई जाती है, तो इस अस्थायी समय सारिणी में आवश्यक बदलाव किया जा सकता है।
- हरेंद्र वीर, एडीटीओ एवं सहायक सचिव आरटीए, गुरुग्राम