गुरुग्राम। कर्मचारी राज्य बीमा निगम ( ईएसआईसी) ने सामाजिक सुरक्षा का दायरा बढ़ाते हुए नियोक्ता और कर्मचारियों के पंजीकरण के लिए चलाई गई एसपीआरआरई (स्प्री) योजना की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 जनवरी कर दी है। अभी तक स्प्री योजना के तहत असंगठित क्षेत्र के नियोक्ताओं और कर्मचारियों के पंजीकरण की अंतिम तिथि 31 दिसंबर थी। ईएसआईसी के उपक्षेत्रीय कार्यालय के प्रभारी सुनील यादव ने बताया कि एसपीआरईई योजना का मुख्य उद्देश्य पंजीकरण से बचे हुए प्रतिष्ठानों और श्रमिकों को को कर्मचारी राज्य बीमा निगम के दायरे में लाकर सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना है। पंजीकरण प्रक्रिया को आसान बनाकर और पिछली देनदारियों में छूट प्रदान कर यह योजना नियोक्ताओं को अपने कार्य बल नियमित करने के लिए प्रोत्साहित करती है। संवाद