गुरुग्राम। कोरोना से एक दिन में सोमवार को गुरुग्राम के पांच लोगों की मौत हो गई। यह इस साल कोरोना से मरने वालों की सर्वाधिक संख्या है। रविवार तक मरने वालों की संख्या प्रतिदिन एक या दो रही है।
मौत के इन आंकड़ों में दूसरे शहरों से उपचार कराने आने वालों में मरने वाले संक्रमित शामिल नहीं है। सोमवार को मौत की इस संख्या से प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग दोनों की चिंता बढ़ गई है। अभी भी जिले के अस्पतालों में चार दर्जन लोगों की स्थिति गंभीर है। स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन के अनुसार, सोमवार को भी जिले में कोरोना के 1809 नए मरीज आए हैं।
बेकाबू हो चुके कोरोना संक्रमण के बावजूद जिले में ठीक से सामाजिक दूरी के नियमों का पालन नहीं हो रहा है और न ही मास्क लगाने के बारे में लोग गंभीर दिख रहे हैं। नाइट कर्फ्यू समेत अन्य कोरोना बचाव नियमों के पालन करने के स्थान पर लापरवाही देखने को मिल रही है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इस माह के साथ मई के मध्य तक भी संक्रमण कम होने की उम्मीद नहीं है। इसलिए लोगों को अलर्ट रहने के बारे में एडवाइजरी भी जारी की गई है।
अब 12772 सक्रिय मरीज
1809 नए मरीजों के आने के बाद जिले में अब सक्रिय मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 12772 हो गई है, जिसमें से 11965 संक्रमित होम आइसोलेशन में हैं जबकि 803 मरीजों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है। जिले में कोरोना मरीजों का कुल आंकड़ा बढ़कर 83583 पर पहुंच चुका है। इसमें से 70379 संक्रमित स्वस्थ हो चुके हैं जबकि 383 मरीजों की मौत हुई है। वहीं, अब जिले में उपचाराधीन मरीजों में से 583 का जिला कोविड हेल्थ सेंटर में इलाज चल रहा है जबकि 80 मरीज कोविड अस्पताल व 144 मरीज कोविड केयर सेंटर में भर्ती हैं।
रिकॉर्ड 10027 की हुई जांच
जिले में 10027 लोगों से कोविड जांच के लिए नमूने लिए गए। इसमें से 8843 की आरटी-पीसीआर व 1154 लोगों की रैपिड एंटीजन किट के जरिए जांच की जाएगी। इसी के साथ जिले में कोरोना जांच की संख्या अब बढ़कर 10,93,604 तक पहुंच चुकी है, जिसमें से 83524 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है।