बाइक सेवा के लिए गुरुग्राम विश्वविद्यालय ने रैपिडो संग किया समझौता
कॉलेज आने-जाने में परिवहन खर्च होगा कम, आई-कार्ड करना होगा अपलोड
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। विद्यार्थियों को सुरक्षित और किफायती परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गुरुग्राम विश्वविद्यालय ने रैपिडो के साथ साझेदारी की है। इस पहल के तहत विश्वविद्यालय के छात्र अब गुरुग्राम विश्वविद्यालय से दिल्ली एनसीआर के किसी भी स्थान तक रैपिडो की बाइक सेवा का उपयोग कर 25 प्रतिशत छूट का लाभ उठा सकेंगे।
कुलगुरु प्रो. संजय कौशिक ने बताया कि विद्यार्थियों को रैपिडो की ओर से उपलब्ध क्यू-आर कोड स्कैन कर अपने यूनिवर्सिटी आई-कार्ड को अपलोड करना होगा। इसके बाद उन्हें एक प्रोमो कोड प्राप्त होगा, जिसे राइड बुकिंग का समय दर्ज करने पर 25 प्रतिशत छूट मिल जाएगी। यह सुविधा छात्रों को समय पर और सुरक्षित ढंग से विश्वविद्यालय आने-जाने में मदद करेगी, साथ ही उनके परिवहन खर्चों को भी कम करेगी। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का प्रयास विद्यार्थियों को किफायती, सुरक्षित और समयबद्ध यात्रा उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपनी पढ़ाई पर पूरा ध्यान केंद्रित कर सकें।
विश्वविद्यालय के साथ हुए समझौते के मौके पर इस दौरान रैपिडो हेड सर्विसेज बाइक्स दिल्ली एनसीआर अमन शर्मा, मैनेजर शेखर और विश्वविद्यालय के ट्रेनिंग और प्लेसमेंट अधिकारी डॉ. अमन वशिष्ठ मौजूद रहे।