तीन जुलाई से शुरू हो रही यात्रा, नौ अगस्त तक चलेगी, भक्तों में उत्साह का माहौल
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। जम्मू-कश्मीर में प्रतिवर्ष लाखों भक्त बाबा बर्फानी के दर्शन करने जाते हैं। इस वर्ष अमरनाथ यात्रा बृहस्पतिवार तीन जुलाई से शुरू हो रही है जो शनिवार नौ अगस्त तक चलेगी। अमरनाथ की यात्रा के लिए गुरुग्राम में एक अप्रैल से नागरिक अस्पताल में रजिस्ट्रेशन शुरू हुए थे। जिले में एक प्रतिशत लोगों को दिल की तेज धड़कन, बीपी, सिर दर्द रहना, कमजोर हड्डियां, घुटनों में दर्द आदि रोगों के कारण 540 भक्तों को मेडिकल अनफिट घोषित कर दिया गया। इनमें सबसे ज्यादा तेज दिल की धड़कन वाले हैं। जो उनकी दर्शन की यात्रा में रोड़ा बन रही है।
यात्रा के लिए सेक्टर 10 नागरिक अस्पताल में अभी तक 5,451 लोगों का रजिस्ट्रेशन हो चुका है। जो यात्रा के लिए फिट हैं। अभी भी नागरिक अस्पताल अमरनाथ यात्रा करने के लिए मेडिकल कराने वालों की भीड़ लगी हुई है। लोग इंतजार कर मेडिकल करवा रहे हैं।
जिले के अमरनाथ यात्रा के नोडल अधिकारी मनीष राठी ने बताया कि एक प्रतिशत लोग मेडिकल अनफिट पाए गए हैं, जिसमें तेज दिल की धड़कन के मरीज सबसे ज्यादा हैं। इसके अलावा हाई लेवल बीपी, शुगर तथा हड्डियों की कमजोरी के कारण भी लोग अनफिट घोषित हुए हैं।