गुरुग्राम। महिला थाना (पूर्व) थाना क्षेत्र में नोएडा स्थित कॉलेज की छात्रा ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। छात्रा का आरोप है कि युवक ने सेक्टर-29 के पास होटल में उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए व इसके बाद शादी के लिए इनकार कर दिया। छात्रा के कॉल करने पर आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौच की। छात्रा की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने आरोपी गढ़ी हरसरू गांव निवासी अमित कुमार के खिलाफ दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक मूलरूप से झारखंड निवासी 23 वर्षीय छात्रा नोएडा की एक कॉलेज में पढ़ाई कर रही है। छात्रा के मुताबिक उसके क्लासमेट के माध्यम से गढ़ी हरसरू गांव निवासी अमित कुमार से करीब एक साल पहले दोस्ती हुई थी। कुछ ही समय में दोनों एक दूसरे को प्यार करने लगे। आरोपी ने छात्रा को शादी का वादा कर करीब दो माह पहले गुरुग्राम स्थित एक होटल में बुलाया जहां उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। दो-तीन बार शारीरिक संबंध बनाने के बाद आरोपी उसे अनदेखा करने लगा। छात्रा ने जब उससे बातचीत की तो आरोपी ने शादी से इनकार कर दिया। युवती की शिकायत पर बृहस्पतिवार शाम को महिला थाना पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया। थाना प्रभारी निरीक्षिका के मुताबिक आरोपी की तलाश की जा रही है।