अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-10 थाना क्षेत्र में बाइक चोरी करने के बाद आरोपियों ने अब बाइक लौटाने के बदले में 12 हजार रुपये की फिरौती मांगी है। शिकायत मिलने पर पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार धर्म कॉलोनी निवासी धर्मदेव यादव 14 मार्च की दोपहर को अपनी बाइक से सेक्टर-10ए मार्केट में बंधन बैंक गया था। यहां उनकी बाइक चोरी हो गई थी। इस बारे में उन्होंने सेक्टर-10 थाना पुलिस को शिकायत देकर मामला दर्ज कराया था। मामला दर्ज कराने के बाद शाम को उनके पास अज्ञात नंबर से कॉल आई जिसने कहा कि उसकी चोरी हुई बाइक उनके पास है। यदि बाइक वापस चाहिए तो 12 हजार रुपये देने होंगे। इस पर धर्मदेव ने फोन करने वाले से बाइक का प्रूफ मांगा तो आरोपियों ने उन्हें बाइक की फोटो और वीडियो भेज दी। इसके साथ ही आरोपियों ने यह रुपये ट्रांसफर करने के लिए बैंक अकाउंट की डिटेल भी भेजी। धर्मदेव की शिकायत पर सेक्टर-10 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच कर रही है।