संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। जिला में चल रही रामलीलाओं में बीती रात शूर्पनखा की नाक काटी गई। मामा मारीच वद्य, सीता हरण, बाली वध के संवाद ने दर्शकों का मन मोह लिया। रावण द्वारा साधु का वेश धारण कर सीता माता की कुटिया में पहुंचना। अपने मामा मारीच को सोने का मृग बनाकर श्रीराम व लक्ष्मण को शिकार के लिए भेजना। सीता द्वारा लक्ष्मण रेखा पार करने से रावण का सीता हरण आदि का मंचन किया गया। रावण-सीता के बीच हुए संवाद ने सभी दर्शकों का मन मोह लिया। नूंह की आदर्श रामलीला कमेटी गोरवाली, श्री सदासुख विजय रामलीला कमेटी एवं श्री भगवान सदासुख रामलीला कमेटी पुरानी अनाज मंडी एवं तावडू, पुन्हाना, नगीना, पिनगवां, फिरोजपुर झिरका में भी रामलीलाओं का मंचन जोरों पर हैं और मंझे हुए कलाकार अपनी प्रतिभा को दिखा रहे हैं। रामलीलाओं के आखिरी समय होने से खूब भीड़ जुट रही हैं तथा कलाकार भी जमकर कला का प्रदर्शन कर रहे हैं।
रील लाइफ और रियल लाइफ में भी पिता-पुत्र का संवाद लोगों को भा रहा
बीती रात श्री भगवान सदासुख रामलीला कमेटी के सौजन्य से रावण द्वारा सीता हरण का मंचन किया। इस रामलीला में रावण बने एडवोकेट रतन तंवर एवं उनका पुत्र सचिन तंवर द्वारा रावण-मेघनाद का रोल कई वर्षो से अदा किया जा रहा है। दमदार आवाज के धनी इन दोनों कलाकारों के डायलोग सुनने के लिए लोग पहुंचते हैं। इसी तरह, आदर्श रामलीला कमेटी के जरिये हो रही रामलीला में श्रीराम बने बल्लू शर्मा, हनुमान बने रवि सैनी, लक्ष्मण बने नवीन शर्मा के किरदार को सभी ने सराहाया। श्री सदासुख विजय रामलीला कमेटी के जरिये मथुरा के कलाकारों द्वारा की जा रही रामलीला की भी सराहना की जा रही हैं और दर्शक पसंद कर रहे हैं। सोमवार रात को श्रीराम- सुग्रीम मित्रता, लंका दहन का संवाद मंचन किया जाएगा।