राजपूत महासभा की बैठक में लिया गया निर्णय
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा में राजपूत महासभा भी सहयोग करेगी। श्री जगन्नाथ रथ यात्रा 24 जून को सेक्टर 10 ए से निकलकर राजपूत वाटिका तक आएगी। रविवार को राजपूत महासभा गुरुग्राम के प्रांगण में महासभा के अध्यक्ष तिलक राज चौहान की अध्यक्षता में मासिक बैठक हुई, जिसमें दहेज प्रथा के खिलाफ मुहिम चलाने और वैवाहिक परिचय सम्मेलन कराने का निर्णय लिया गया।
बैठक में विवाह योग्य युवक-युवतियों का विवरण भी एकत्र करने को कहा गया। बैठक में 24 जून को भगवान जगन्नाथ रथयात्रा निकालने में सहयोग भी करने का निर्णय लिया गया। इस्कॉन मंदिर बादशाहपुर की ओर से श्री श्री भगवान जगन्नाथ रथयात्रा 24 जून को दोपहर एक बजे से सेक्टर-10ए कम्युनिटी सेंटर से निकलेगी जो खांडसा रोड, सदर बाजार, अग्रसेन चौक होते हुए पुरानी दिल्ली रोड से राजपूत वाटिका तक जाएगी। इस दौरान सुबह सेक्टर 10 ए कम्युनिटी सेंटर और दोपहर राजपूत वाटिका में भंडारे का भी आयोजन किया गया है।
सभा में राजपूत महासभा के अध्यक्ष तिलक राज चौहान, सरपंच सुशील चौहान, फिल्म अभिनेता राज चौहान , परमजीत राघव, उपदेश राघव, अशोक छोक्कर, मुकुल प्रताप सिंह, मुकेश राघव नंबरदार, अराध्य गौर, भगवत आदि मौजूद रहे।