रोजाना 70 से 80 मरीज आते हैं इलाज कराने, जगह की कमी भी बन रही परेशानी का कारण
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। ओल्ड गुरुग्राम के राजेंद्र पार्क में स्थित अर्बन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (यूपीएचसी) वर्षों से किराये की जगह में संचालित हो रहा है। स्थानीय लोगों के लिए स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करने वाले इस केंद्र में रोजाना लगभग 70 से 80 मरीज इलाज के लिए आते हैं। केंद्र किराये पर होने के कारण मरीजों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
मुख्य समस्या सीमित जगह
केंद्र में कम जगह होने के कारण न केवल मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। बल्कि पार्किंग की सुविधा भी पर्याप्त नहीं है। कई बार तो इतनी भीड़ हो जाती है कि अंदर घुसने के लिए भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। यह स्थिति सालाना करोड़ों के स्वास्थ्य बजट के बावजूद बनी हुई है, जिससे नागरिकों की सुविधा पर असर पड़ता है।
यूपीएचसी के लिए अपनी स्थायी इमारत की आवश्यकता है ताकि मरीजों को बेहतर सुविधा और सुचारू सेवा मिल सके। वर्तमान में छोटे और असुविधाजनक केंद्र में इलाज कराने आए लोगों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कोट्स
इस स्वास्थ्य केंद्र में खास कोई समस्या नहीं है। सरकारी खुली जमीन पर बनने से लोगों को सुविधा होगी। वर्षों से किराये पर चल रहा है, स्थायी जगह और पार्किंग की सुविधा आवश्यक है। - राजेश गुलिया, स्थानीय निवासी, राजेंद्र पार्क
अधिकतर गर्भवती यूपीएचसी पर इलाज कराने आती हैं, जिससे भीड़ अधिक रहती है। इसलिए स्वास्थ्य अधिकारियों को मरीजों की सुविधा के लिए यूपीएचसी में अधिक जगह और बेहतर इंतजाम सुनिश्चित करना चाहिए। - सुशीला शर्मा, स्थानीय निवासी, राजेंद्र पार्क
इस यूपीएचसी को दूसरी जगह स्थानांतरित करने के लिए बातचीत जारी है। आसपास विभिन्न संभावित स्थलों का निरीक्षण किया जा रहा है ताकि नजदीक ऐसे स्थान का चयन किया जा सके, जहां स्वास्थ्य केंद्र को सुविधाजनक और लोगों के लिए आसानी से पहुंच योग्य तरीके से स्थानांतरित किया जा सके। - डाॅ. अलका, सीएमओ, गुरुग्राम