परिचालक गंभीर रूप से घायल, बस में सवार थी 30 सवारियां, सभी सुरक्षित
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बृहस्पतिवार की सुबह राजस्थान रोडवेज की बस ने एक कंटेनर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, बस में सवार लोगों को भी चोटें आई हैं। दुर्घटना की सूचना पाकर जयसिंहपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और बस से सवारियों को निकालकर दूसरी बस में बैठाकर उनके गंतव्य के लिए रवाना किया। घायल परिचालक को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
राजस्थान रोडवेज की एक बस 30 सवारियां लेकर जयपुर से दिल्ली आईएसबीटी जा रही थी। बस सुबह करीब 4 बजे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर जयसिंहपुर गांव के नजदीक पहुंची तो रोड पर चल रहे एक कंटेनर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। जिससे बस का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बस के चालक जयपुर निवासी गिरिराज (35) की मौके पर ही मौत हो गई।
सुबह के समय अधिकांश सवारियां सोई हुई थीं। हादसा होते ही बस में चीख पुकार शुरू हो गई
दुर्घटना की सूचना पाकर जयसिंहपर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची पुलिस ने बस से सवारियों को सुरक्षित बाहर निकालकर दूसरी बस से दिल्ली भेज दिया। जबकि चालक के शव को पोस्टमार्टम के नूंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रखवा दिया है। परिचालक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई बस:
जानकारी के अनुसार एक कंटेनर जो पहले से ही दुर्घटनाग्रस्त था, वह धीरे-धीरे रोड पर चल रहा था। वहीं, तेज रफ्तार बस के चालक को जब तक वह कंटेनर दिखा और उसने बचाने का प्रयास किया तब तक बस कंटेनर के पिछले हिस्से से जा टकराई और बस के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए।
पुलिस जांच में जुटी
जांच अधिकारी दिलबाग सिंह ने बताया कि पुलिस सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची। बस का चालक और परिचालक बुरी तरह से बस में फंसे हुए थे। दोनों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। चालक गिरिराज की मौत हो चुकी थी, वहीं परिचालक दीपक को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। बस में बैठी 5 से 6 सवारियों को मामूली चोटें आई हैं। ट्रक और बस दोनों को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।