गुरुग्राम। शहर में दो दिनों में हुई बारिश का असर खेल गतिविधियों पर भी देखने को मिला। जलभराव और मैदानों की खराब स्थिति के कारण सोमवार को आयोजित कई क्रिकेट मैचों सहित अन्य खेल प्रतियोगिताओं को रद्द करना पड़ा। शहर के विभिन्न खेल मैदानों पर पानी भर जाने से खिलाड़ी मैदान पर नहीं उतर सके और आयोजकों को मुकाबले स्थगित करने का फैसला लेना पड़ा।
बारिश के चलते पिचें पूरी तरह गीली हो गई और आउटफील्ड में पानी जमा होने के कारण खेल कराना संभव नहीं हो सका। कई स्थानों पर खिलाड़ियों और टीमों के मैदान तक पहुंचने के बावजूद मैच शुरू नहीं हो पाए। आयोजकों ने बताया कि खिलाड़ियों की सुरक्षा और मैदान की स्थिति को देखते हुए यह निर्णय लिया गया। बारिश से सबसे अधिक प्रभावित क्रिकेट प्रतियोगिताएं रहीं, जबकि अन्य खेलों के अभ्यास सत्र और मुकाबलों पर भी असर पड़ा। अब मौसम सामान्य होने और मैदान खेलने योग्य बनने के बाद रद्द हुए मुकाबलों की नई तिथियों की घोषणा की जाएगी। खिलाड़ियों ने उम्मीद जताई कि जल्द मौसम साफ होगा, ताकि प्रतियोगिताएं दोबारा सुचारु रूप से शुरू हो सकें। संवाद