गुरुग्राम/पटौदी। जिले की सीमा पर गुरुग्राम पुलिस के साथ ही रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) ने बुधवार को मोर्चा संभाल लिया। पुलिस व आरएएफ ने रेवाड़ी, झज्जर व नूंह से लगती सीमा पर अधिक सतर्कता बरती हुई है। वहीं, दिल्ली से लगती सीमा सरहौल, कापसहेड़ा व महरोली बॉर्डर पर पुलिस ने ढिलाई दी हुई है। इन स्थानों पर दिल्ली पुलिस सक्रिय है। उधर, गुरुग्राम पुलिस ने शहर के अंदर नाकों की संख्या में कमी की है। शहरी क्षेत्र में नाम के लिए ही पुलिसबल दिखाई दे रहा है।
ज्यादातर स्थानों पर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। कृषि कानूनों को लेकर किसान आरपार की लड़ाई के मूड में हैं। हरियाणा से लगती राजस्थान की सीमा में किसानों ने डेरा डाल लिया है। पुलिस को इन किसानों के एकत्र होकर जल्द ही दिल्ली कूच करने की सूचना मिल रही है। ऐसे में अब गुरुग्राम पुलिस ने बॉर्डर पर सतर्कता बरतनी तेज कर दी है। जिले की कापड़ीवास सीमा समेत नूंह व झज्जर सीमा की तरफ पुलिस के साथ ही आरएएफ को तैनात कर दिया गया है। संदिग्ध लगने पर वाहनों की जांच की जा रही है। पुलिस उन वाहनों को भी रोककर जांच कर रही है जिनमें सामान जा रहा है। इससे सीमावर्ती क्षेत्र में वाहनों की लंबी कतार लग रही है।
खेड़कीदौला टोल से हटाई फोर्स
पुलिस ने जिले के खेड़कीदौला टोल प्लाजा से फोर्स को हटा लिया है। ट्रैफिक पुलिस की एक जीप तैनात की गई है। यह शक होने पर वाहनों की जांच कर रही है। यहां से सामान लेकर गुजर रहे वाहनों की भी जांच कर रही है। कयास लगाए जा रहे हैं कि कुछ किसान सामान लेकर जा रहे वाहनों में भी छिपे हो सकते हैं। वहीं, बुधवार को शहर के अंदर पुलिस नाकों की संख्या नाम के लिए दिखाई दी। ज्यादातर नाकों पर जांच का जिम्मा होमगार्ड के हवाले दिखाई दिया। कुछ स्थानों पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी दिखाई दिए, लेकिन इनकी संख्या भी नाम मात्र की रही।