गुरुग्राम। सेक्टर-66 स्थित पाम ड्राइव सोसायटी में निवेशकों द्वारा कुत्ते पालने को लेकर विवाद शुरू हो गया। स्थानीय निवासियों ने इसकी शिकायत पीपुल्स फॉर एनिमल संस्था के साथ-साथ सोसायटी रजिस्ट्रार को भी दी है।
स्थानीय निवासी शेखर ने बताया कि उन्होंने सोसायटी में फ्लैट इसलिए खरीदा था कि उनकी सोसायटी पेट फ्रेंडली है। यहां 150 से भी अधिक लोगों ने कुत्ते पाले हुए हैं। उनको शौच करवाने के लिए बिल्डर ने अलग से क्षेत्र भी बनाया हुआ है, लेकिन पिछले कुछ दिनों से कुछ लोग कुत्ते पालने वालों को परेशान कर रहे हैं। सोसाइटी में कोई आरडब्ल्यूए नहीं है। आरडब्ल्यूए के चुनाव करवाने को लेकर सोसायटी रजिस्ट्रार ने एडहॉक कमेटी भी बनाई है। आरोप है कि कमेटी अपने चुनाव का काम छोड़कर नए-नए नियम बनाने में जुट गई है। इस बाबत उन्होंने रजिस्ट्रार को भी शिकायत दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो पाई। वहीं कुछ लोग कुत्ते पालने से रोकने लगे हैं। लोग जब अपने कुत्ते को घुमाने पार्क व अलग से बनाए गए क्षेत्र में ले जाते हैं, तो वह स्वयं या सुरक्षाकर्मियों को उनके पीछे भेजकर कुत्तों को सोसाइटी से बाहर ले जाने का दबाव बनाते हैं। मना करने पर किसी न किसी तरह से परेशान करने लग जाते हैं। स्थानीय लोगों ने पीपुल्स फॉर एनिमल की फाउंडर मेनका गांधी से शिकायत की है। संस्था की सदस्य चेतना ने बताया कि शिकायत पर संस्था की तरफ से कार्रवाई की जा रही है।