जमीन ने जुड़ी धोखाधड़ी के मामले में फरार चल रहा है आरोपी बलराम कुमार
नंबर गेम - 27 अक्तूबर को अदालत ने भगौड़ा घोषित किया था
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। झारखंड पुलिस ने धोखाधड़ी के एक मामले में भगोड़े आरोपी के घर अनोखे तरीके से अदालती नोटिस चस्पा किया। बृहस्पतिवार को न सिर्फ पुलिस की टीम आरोपी बलराम कुमार के डीएलएफ फेज -3 स्थित घर पहुंची बल्कि अपने साथ ढोल-नगाड़े भी लाई और उसे बजवाकर माइक से पड़ोसियों को भी नोटिस की जानकारी दी।
झारखंड के बोकारो की तेनुघाट कोर्ट ने बलराम को 27 अक्तूबर को भगोड़ा घोषित किया था। पुलिस के अनुसार, बलराम करीब तीन साल से धोखाधड़ी के मामले में फरार है। कोर्ट ने उसे एक महीने के भीतर पेश होने का आदेश दिया है। अगर वे अदालत में पेश नहीं होता तो उसकी संपत्ति कुर्क कर ली जाएगी।
बोकारो के बेरमो निवासी मुकुल कुमार ने बलराम और दीपक कुमार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। मुकुल को कारोबार के लिए जमीन की जरूरत थी। आरोप है कि बलराम और दीपक ने झारखंड के ओरमांझी में जमीन दिलाने का भरोसा दिलाया था। उन्होंने पेट्रोल पंप के पास एक खाली प्लॉट दिखाया, जिसे दीपक ने अपना बताया था और जमीन का सौदा तय हुआ था।
अगस्त 2021 में मुकुल ने दो किस्तों में दोनों के बैंक खातों में 25 लाख रुपये ट्रांसफर किए थे। आरोप है कि रकम लेने के बावजूद जमीन की रजिस्ट्री नहीं कराई। पैसे भी नहीं लौटाए। रकम वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दी।