गुरुग्राम। जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) दौलताबाद के मित्रता क्लीनिक की ओर से किशोर-किशोरियों के लिए स्वास्थ्य जागरूकता कैंप का आयोजन किया गया। इस कैंप में 10 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों और किशोरों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कैंप के दौरान चिकित्सकों और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने किशोरों को शारीरिक, मानसिक और सामाजिक स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी दी। डॉ. राजेश ने बच्चों को संतुलित व पौष्टिक आहार के महत्व के बारे में बताया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी। वहीं, डॉ. नम्रता ने किशोरावस्था के दौरान होने वाले शारीरिक और मानसिक परिवर्तनों की विस्तार से जानकारी दी। यह कार्यक्रम सिविल सर्जन डॉ. लोकवीर और डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. रश्मि वर्मा के मार्गदर्शन एवं देखरेख में संचालित किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य किशोरों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देकर उन्हें जागरूक और स्वस्थ बनाना है। संवाद