तावडू। उपमंडल के अंतर्गत एक गांव में चाचा ससुर द्वारा छेड़छाड़ करने का विरोध महिला को भारी पड़ गया। पीड़िता के साथ ससुराल वालों ने मारपीट कर दी जिससे उसके पेट में तीन माह का गर्भ खराब हो गया। सदर थाना पुलिस ने इस संदर्भ में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक पीड़िता महिला गत 20 मई की रात ससुराल में अपने घर पर बच्चों के साथ सो रही थी। आरोप है कि रात 11:00 बजे के करीब चाचा ससुर साबिर महिला के पास आया और जबरन छेड़छाड़ करने लगा। महिला ने शोर मचाया तो मारपीट की गई। ज्यादा शोर हुआ तो पीड़िता ने ससुर सास और पति को आपबीती सुनाई। इससे गुस्साए पति आरिफ ने भी महिला से मारपीट कर दी। साथ ही किसी को बताने पर धमकी दी। जिसकी सूचना पीड़िता ने अपने भाई को फोन कर दी थी। वहीं पेट में लात लगने से पीड़िता व तीन महीने की गर्भवती की हालत खराब होने लगी तो ससुराल वाले रात में ही मायके में छोड़कर चले गए। पीड़िता के भाई ने बताया कि बहन के पेट में तीन माह का गर्भ खराब हो गया। तावडू सदर थाना पुलिस ने इस संदर्भ में आरोपी चाचा ससुर साबिर, ससुर हबीब,सास समीना और पति आरिफ के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है। संवाद