संवाद न्यूज एजेंसी
पटौदी। नगरपरिषद पटौदी जाटौली मंडी के सफाई कर्मचारियों ने नगरपरिषद पटौदी कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन किया। वार्ड-11 के पार्षद ने सेनेटरी इंस्पेक्टर अंकुर चतुर्वेदी के साथ फोन पर गलत भाषा का प्रयोग किया जिसको लेकर कर्मियों ने काम ठप्प करके पार्षद के खिलाफ नारेबाजी की। सेनेटरी इंस्पेक्टर अंकुर चतुर्वेदी ने बताया कि गांव नरहेड़ा के लोगों की शिकायत पर उन्होंने मंगलवार सुबह पार्षद कुलदीप चौहान के पास फोन किया और उस सफाई कर्मी को हटाने की बात कही। इसे सुनते ही पार्षद ने गलत भाषा का प्रयोग किया। कर्मियों ने पार्षद के मांगी मांगने के बाद ही काम पर लौटने की बात कही है।
वहीं परिषद के कार्यकारी अधिकारी संदीप मलिक ने कहा कि मामले में दोनों पक्षों को एक साथ बैठाकर समाधान निकाल लिया जाएगा। इधर वार्ड-11 के पार्षद कुलदीप चौहान ने कहा कि दोनों के बीच बातचीत हुई है। मामले को बुधवार को सुलझा लिया जाएगा। मेरा सफाई कर्मियों से कोई झगड़ा नहीं है। धरना प्रदर्शन में सफाईकर्मी प्रधान मदन लाल, श्यामल, रामकिशोर, मोनिका, राजबाला, निशा, सविता, शारदा, भूपेन्द्र, विनय, सूरज, रतिराम सहित अन्य मौजूद रहे।