भारत सरकार से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हस्तक्षेप की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखनगर। बांग्लादेश में हिंदू समाज पर हो रहे कथित अत्याचार, नरसंहार और हिंदू युवक की नृशंस हत्या के विरोध में मंगलवार को विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल एवं समस्त हिंदू समाज के आह्वान पर रोष प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में हिंदू समाज के लोगों ने भाग लिया और हाथों में तिरंगा व भगवा ध्वज लेकर नारेबाजी की।
रोष प्रदर्शन की शुरुआत राजीव चौक से की गई, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए मेन बस स्टैंड तक पहुंचा। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने अनेक नारे लगाए। मेन बस स्टैंड पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों ने आतंकवाद एवं जिहादी मानसिकता के प्रतीकात्मक पुतले का दहन किया। वक्ताओं ने कहा कि बांग्लादेश में इस्लामिक उग्रवादी और कट्टरपंथी तत्वों द्वारा हिंदू समाज को योजनाबद्ध तरीके से निशाना बनाया जा रहा है, जो न केवल मानवता बल्कि अंतरराष्ट्रीय कानूनों का भी उल्लंघन है।
प्रदर्शनकारियों ने भारत सरकार से मांग की कि वह इस मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय मंच पर मजबूती से उठाए और बांग्लादेश सरकार पर दबाव बनाकर वहां रह रहे हिंदुओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों को सुनिश्चित कराए। रोष प्रदर्शन में विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष राजेंद्र यादव, उपाध्यक्ष सुरेंद्र लंबरदार, आचार्य त्रिलोक शास्त्री, श्लोक, चांद यादव, जितेश डाबोदा, समेत अन्य अनेक कार्यकर्ता एवं हिंदू समाज के लोग मौजूद रहे।