ट्रैफिक इंजीनियरिंग सेंटर ने जाम से निजात दिलाने के लिए हर पहलू पर किया निरीक्षण
विराट त्यागी
गुरुग्राम। शहर के व्यस्ततम राजीव चौक पर जगह-जगह वाहन खड़े होने से लग रहे जाम से राहत दिलाने के लिए यातायात पुलिस की तरफ से 85 ऑटो पार्किंग का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इस प्रस्ताव को जिला सड़क सुरक्षा कमेटी के सामने रखा जाएगा। अनुमति मिलने के बाद राजीव चौक पर ऑटो जगह-जगह खड़े नहीं होंगे और जाम में राहत मिलेगी। इसके साथ ही जाम से राहत दिलाने के लिए अन्य पहलुओं पर काम किया जा रहा है।
बीते दिनों यातायात पुलिस की ट्रैफिक इंजीनियरिंग सेंटर विंग की तरफ से राजीव चौक का निरीक्षण किया गया था। उन्होंने अपनी रिपोर्ट में राजीव चौक पर कई कमियों को उजागर किया है। इसमें दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेस-वे पर निकासी नंबर 10 को ठीक करना, बसों और ऑटो को चौक पर जगह-जगह रुकना शामिल है। इसके साथ ही वाहनों का गलत दिशा में आने से लग रहे जाम को रोकने के कदम शामिल हैं। रिपोर्ट में जयपुर से राजीव चौक की तरफ आने के दौरान मिनी सचिवालय की तरफ जाने के दौरान वाहनों के खड़े होने से और अतिक्रमण होने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करने के बारे में बताया गया है।
उन्होंने अपनी रिपोर्ट में राजीव चौक पर जाम से राहत दिलाने के लिए सुझाव भी दिए हैं। राजीव चौक पर प्रतिदिन काफी संख्या में लोग बस,ऑटो,टैक्सी अपने गंतव्य पर जाने के लिए लेते हैं। सवारियों को बैठाने के लिए जगह-जगह ऑटो खड़े हो जाते ऐसे में जाम की स्थिति बनती है। उन्होंने राजीव चौक के मिनी सचिवालय की तरफ से तीन जगहों को चिन्हित किया। वहां पर ऑटो खड़ा करने के लिए बनाया जा सकता है। उस जगह के बन जाने से ऑटो सड़क के किनारे न खड़े होकर एक तय स्थान पर खड़े हो जाएंगे, जिसे अन्य वाहन आराम से निकल सकेंगे। विंग की तरफ से बताई गई तीन जगहों पर 85 ऑटो एक साथ खड़े हो सकते हैं। ऐसे में वह उस जगह पर अंदर से ही सवारियों को बैठा सकते हैं। उन्हें सड़क के किनारे पर नहीं खड़ा होना पड़ेगा।
ट्रैफिक इंजीनियरिंग सेंटर की तरफ से तैयार की गई रिपोर्ट के आधार पर राजीव चौक पर तीन जगह ऑटो के लिए पार्किंग की व्यवस्था के बारे में बताया गया है। इस प्रस्ताव को जिला सड़क सुरक्षा कमेटी के सामने रखा जाएगा।
-सत्यपाल यादव, सहायक पुलिस आयुक्त (मुख्यालय- हाईवे)