गुरुग्राम। गुरुग्रामवासियों को जल्द ही आधुनिक सुविधाओं से लैस नए बस अड्डे की सौगात मिल सकती है। रोडवेज विभाग की ओर से जिले में अंतरराज्यीय स्तर का बस अड्डा बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिसको प्रदेश सरकार के पास भेजा जाएगा। गुरुग्राम बस डिपो के अधिकारियों के अनुसार प्रदेश सरकार की ओर से इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो जमीन का कब्जा मिलने के बाद नए बस अड्डे का सेक्टर-36ए में निर्माण शुरू हो सकेगा। ऐसे में दूसरे प्रदेशों में आने-जाने वाली बसों के ठहराव की यहां व्यवस्था होगी और लोगों को एक ही जगह से दूसरे राज्यों के लिए बसें मिल सकेंगी।
शहर के मुख्य बस अड्डे की पुरानी इमारत वर्ष 2015 में कंडम घोषित कर दी गई थी, लेकिन अभी तक यहां पर नया बस अड्डा बनाने के लिए कोई प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। ऐसे में रोडवेज विभाग ने सीपीआर पर सेक्टर-36ए में 15 एकड़ जमीन बस अड्डे के निर्माण के लिए प्रस्तावित की है। इससे पहले रोडवेज विभाग ने सेक्टर-29 और राजीव चौक पर भी नए बस अड्डे के निर्माण के लिए जमीन का चयन किया था, लेकिन बस अड्डे के लिए प्रोजेक्ट पर आगे योजना नहीं बढ़ सकी। राजीव चौक के पास चयनित की गई जमीन का कुछ हिस्सा मेट्रो स्टेशन के निर्माण में भी जा सकता है, ऐसे में यहां पर फिलहाल बस अड्डा निर्माण के प्रोजेक्ट को ठंडे बस्ते में डाल दिया है।
सेक्टर-36ए में नया बस अड्डा बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। प्रदेश सरकार की ओर से मंजूरी मिलने के उपरांत इस प्रोजेक्ट पर अगला काम शुरू किया जाएगा। बस अड्डे की पुरानी इमारत को लेकर भी फाइल तैयार की जा रही है।
- कुलबीर सिंह ढाका, महाप्रबंधक, रोडवेज बस डिपो, गुरुग्राम