- चाचा के साथ बाइक पर कंपनी से घर लौट रहा था युवक, अज्ञात बस चालक के खिलाफ केस अमर उजाला ब्यूरो गुरुग्राम। निमोठ पुलिस चौकी क्षेत्र में 14 अगस्त की शाम सिरमथला रोड पर निजी बस ने बाइक को साइड से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। फरीदाबाद के ईएसआई अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के चाचा नरेश कुमार की शिकायत पर सोहना सदर थाना पुलिस ने अज्ञात बस चालक के खिलाफ सड़क हादसे में मौत से संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। मृतक की पहचान सोहना क्षेत्र के बादशाहपुर टठड़ गांव निवासी नितिन के रूप में हुई है। वह एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। नरेश कुमार ने पुलिस को बताया कि 14 अगस्त की शाम वह बाइक से अपने भतीजे नितिन को लेने उसकी कंपनी गया था। शाम करीब छह बजे दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। सिरमथला रोड पर पहुंचने पर एक निजी बस ने उनकी बाइक को साइड से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक चला रहे नरेश कुमार उछलकर दूर जा गिरे, जबकि नितिन के सिर में गंभीर चोट लगी। हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। नरेश ने राहगीरों की मदद से घायल नितिन को फरीदाबाद के धौज गांव स्थित अल फलाह अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर उसे ईएसआई अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। जांच अधिकारी के अनुसार, बाइक को टक्कर मारने वाली बस की नंबर प्लेट के आधार पर पहचान कर ली गई है। बस मालिक को नोटिस भेजा गया है। जल्द ही बस को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार किया जाएगा।
कोट- बस की नंबर प्लेट के आधार पर पहचान कर ली गई है। मालिक को नोटिस भेजा गया है। जल्द बस को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार किया जाएगा। -मोहम्मद इरसाद, जांच अधिकारी, निमोठ पुलिस चौकी