चाकू बेचने वाले पवन का क्रॉस एग्जामिनेशन भी हुआ पूरा , 14 सितंबर को होगी अगली सुनवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। प्रिंस हत्याकांड में बृहस्पतिवार को अदालत में प्रिंस के बाल व बस चालक अशोक के डीएनए की जांच करने वाले एफएसएल अधिकारी की गवाही पूरी हो गई। इसके साथ ही इस मामले में सीबीआई की तरफ से पिछली तारीख पर पेश हुए चाकू विक्रेता की गवाही भी पूरी हो गई है। मामले की सुनवाई अतिरिक्त सत्र एवं न्यायाधीश तरुण सिंगल की अदालत में चल रही है। अदालत ने इस मामले में अगली सुनवाई 14 सितंबर तय कर दी है। अगली तारीख पर सीबीआई की तरफ से दो अन्य गवाह पेश किए जाएंगे।
बृहस्पतिवार को सीबीआई की तरफ से सीनियर साइंटिस्ट डीएनए आयुष्मान राय के बयान वीडियो कांफ्रेंसिंग से हुए। उन्होंने बताया कि उनके पास पुलिस की तरफ से बस चालक अशोक के खून के निशान व मृतक प्रिंस के पोस्टमार्टम के दौरान लिए गए बाल के सैंपल पहुंचे थे। इनसे उसने उनके डीएनए की जांच की थी। इसके साथ ही सीबीआई की तरफ से पेश हुए पवन ने बताया कि वह सोहना में रसोई घर में इस्तेमाल होने वाले सामान बेचते हैं। उनके पास कई तरह के चाकू होते हैं। पवन पिछली तारीख पर पुष्टि नहीं कर सका था कि आरोपी भोलू ने उसकी दुकान से चाकू खरीदा है या नहीं। आरोपी पक्ष की तरफ से पेश हुए अधिवक्ता ने पवन से क्रॉस एग्जामिनेशन पूरा कर लिया है।