संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। प्रिंस हत्याकांड में पीटी टीचर से बचाव पक्ष की जिरह पूरी नहीं हो सकी। इसके लिए अगली तारीख बीस अगस्त नियत की गयी है।
बीती पांच जुलाई की पिछली सुनवाई पर पीटी टीजर तरुण दत्ता ने अपने बयान में बताया था कि आठ सितंबर 2017 को सुबह स्कूल की बसों से विद्यार्थियों को कक्षा में भेजकर दूसरे मंजिल पर चले गए थे। थोड़ी देर बाद आरोपी भोलू ने पीटी टीचर को आकर बताया कि ग्राउंड फ्लोर पर बाथरूम के बाहर एक छात्र खून की उल्टी कर रहा है। जब नीचे जाकर देखा तो कोई भी नहीं था। सिर्फ खून पड़ा हुआ था।
रिसेप्शन पर पहुंचे तो प्रिंस को गाड़ी में लिटाया हुआ था। इसके बाद प्रिंस को बस से अस्पताल के लिए भेजा गया था। अस्पताल भेजने के बाद बाथरूम में जाकर देखा तो वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू पड़ा हुआ था। स्कूल में मौजूद एक अभिभावक ने बस कंडक्टर अशोक के कपड़े पर लगे खून को साफ करने से मना किया था। इस मामले की सुनवाई अतिरिक्त सत्र एवं न्यायाधीश तरुण सिंगल की अदालत में चल रही है। आठ सितंबर 2017 को प्राइवेट स्कूल में दूसरी कक्षा के छात्र प्रिंस की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी।