राज्य में मुख्यमंत्री द्वारा 130 नए स्कूलों की स्थापना की जा रही है, मंत्री ने एसएससी ट्रेनिंग कैंप को किया संबोधित
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा ने कहा है कि अगस्त के अंत तक हरियाणा में पांच सौ प्रधानाचार्य नियुक्त किए जाएंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री नायब सिंह के नेतृत्व में सरकार द्वारा 130 नए राजकीय विद्यालय स्थापित किए जा रहे हैं। शिक्षा मंत्री शुक्रवार को सेक्टर-49 स्थित एक निजी स्कूल में शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित किए एसएमसी ट्रेनिंग कम कांफ्रेंस कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रही थीं।
मंत्री ने कहा कि हरियाणा के जवान, किसान और खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध हैं। हमारा लक्ष्य है कि शिक्षा के क्षेत्र में भी हरियाणा को नंबर वन बनाया जाए। मुख्यमंत्री शैक्षणिक सुधार को लेकर कृतसंकल्प हैं। इस दिशा में सरकार की ओर से ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। शैक्षणिक सुधार के उद्देश्य को लेकर पूरे प्रदेश के 22 जिलों में अभिभावक, एसएमसी सदस्यों व शिक्षकों के सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। गुरुग्राम इस कड़ी में बीसवां जिला है, जहां यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है।
शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद प्रदेश के शिक्षा तंत्र में काफी सकारात्मक परिवर्तन आया है। सरकार का प्रयास है कि हर एक राजकीय विद्यालय में सफाई कर्मचारी व चौकीदार नियुक्त किए जाएं और निवास स्थान भी उसी परिसर में हो। जिससे स्कूल की बेहतर देखभाल हो सके तथा इन कर्मचारियों के परिवारों का भली-भांति पालन पोषण हो जाए।
एसएमसी प्रबंधन समिति के सदस्यों से शिक्षा मंत्री ने सीधी बात की और उनके सुझाव भी लिए। उन्होंने कहा कि जो सुझाव आज आए हैं, उनको पूरी तरह से लागू किया जाएगा। जिले की दस श्रेष्ठ एसएमसी को शिक्षा मंत्री ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इसके अलावा दसवीं और बारहवीं कक्षा में सर्वश्रेष्ठ परिणाम लाने वाले छात्र-छात्राओं को भी पुरस्कृत किया गया।
जिला शिक्षा अधिकारी कैप्टन इंदु बोकन कसाना ने शिक्षा मंत्री का स्वागत करते हुए गुरुग्राम आगमन के लिए उनका आभार जताया। शिक्षा विभाग की ओर से मंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर एससीईआरटी के निदेशक सुनील बजाज, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी मनीराम, डीपीसी मोहिनी सहित अनेक स्कूलों के प्राचार्य, एसएमसी कमेटियों के पदाधिकारी व अभिभावक उपस्थित रहे। विद्यालय के सभागार में आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें बच्चों द्वारा बनाए गए मॉडल प्रदर्शित किए गए। समारोह में मनोहारी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
गुड मॉर्निंग की बजाय जय हिंद बोलें
शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा ने इस अवसर पर बताया कि राजनीति में आने से पहले वह स्वयं भी एक अध्यापिका रही हैं। इसलिए बच्चों को दिए जाने वाले संस्कारों का महत्व समझती हैं। बच्चों को कहा कि वे स्कूल में गुड माॅर्निंग की बजाय जय हिंद बोलें। जिससे कि हमारी राष्ट्रीय भावना जागृत हो। उन्होंने नागरिकों से हरियाणा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। जिले की राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बादशाहपुर, राजकीय विद्यालय बसई, भोंडसी, इस्लामपुर, गढ़ी नत्थेकलां, मॉडल संस्कृति स्कूल सुशांत लोक, जैकबपुरा, चकरपुर, सेक्टर 4-7, राजकीय प्राथमिक पाठशाला हरसरू व गैरतपुर बास की एसएमसी को विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कृत किया गया।