कार्ड खोलने पर डाउनलोड हुई फाइल, तीन बार में कटी राशि
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। जालसाजों ने व्हाट्सएप पर शादी का कार्ड भेजकर पुजारी के बैंक खाते से 96,999 रुपये निकाल लिए। पुजारी ने जैसे ही कार्ड की फाइल खोली तो वह मोबाइल में डाउनलोड हो गया और इसके बाद तीन बार में रुपयों की ट्रांजेक्शन हुई। पीड़ित ने साइबर अपराध थाना पश्चिम में शिकायत दी है।
गुरुग्राम के विष्णु गार्डन निवासी विनोद कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पाठ-पूजा का काम करता है। 4 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे उसे व्हाट्सएप पर अनजान नंबर से शादी का कार्ड आया था। जब उसने कार्ड खोला तो फाइल उसके मोबाइल में डाउनलोड हो गई। इसके बाद उसके बैंक खाते से तीन बार 9,999 रुपये, 12,499 रुपये व 87,000 रुपये की ट्रांजेक्शन हुई। इनमें कुछ देर बाद ही 12,499 रुपये वापस खाते में आ गए।
विनोद कुमार ने पुलिस को जालसाज के खिलाफ कार्रवाई करने और 96,999 रुपये वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।